खराब स्वास्थ्य सेवाओं के खिलाफ उत्तर प्रदेश में उठी आंदोलन की आवाज,
‘मुहिम जिंदगी’ के बैनर तले लामबंदी शुरूदीपक सिंह के नेतृत्व में प्रदेशव्यापी आंदोलन की तैयारी, बैठकों का दौर जारीउत्तर प्रदेश में बदहाल स्वास्थ्य सेवाओं और सरकारी अस्पतालों में मरीजों के साथ हो रही कथित लापरवाही के खिलाफ अब एक व्यापक आंदोलन की तैयारी शुरू हो गई है। इसी उद्देश्य से ‘मुहिम जिंदगी’ नाम से अभियान चलाया जा रहा है। अभियान को लेकर विभिन्न स्तरों पर बैठकों का दौर जारी है और प्रदेशभर में लोगों को इस मुहिम से जोड़ने की रणनीति बनाई जा रही है।मुहिम के संयोजक श्री जयबहादुर यादव का कहना है कि सरकारी अस्पतालों में मरीजों को उनके हाल पर छोड़ देना, समुचित इलाज उपलब्ध कराए बिना अस्पताल से छुट्टी कर देना और समय पर आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं न देना बेहद गंभीर विषय है। किसी मरीज को बिना समुचित उपचार के अस्पताल से वापस भेजना उसके जीवन को खतरे में डालने जैसा है। स्वास्थ्य सेवाओं में इस तरह की लापरवाही किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जा सकती।उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाएं सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी हैं। आम आदमी अपनी उम्मीद और भरोसे के साथ सरकारी अस्पताल पहुंचता है, लेकिन यदि उसे वहां भी समुचित इलाज न मिले तो यह व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।श्री जयबहादुर यादव ने बताया कि श्री दीपक सिंह के नेतृत्व में ‘मुहिम जिंदगी’ को व्यापक जनआंदोलन का स्वरूप देने की तैयारी की जा रही है। इसका उद्देश्य केवल स्वास्थ्य सेवाओं की खामियों को उजागर करना नहीं, बल्कि सरकार को जवाबदेह बनाना और सरकारी अस्पतालों में बेहतर इलाज, आवश्यक दवाओं, डॉक्टरों की उपलब्धता तथा मरीजों के सम्मानजनक उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित कराने के लिए दबाव बनाना है।उन्होंने कहा कि यह मुहिम किसी राजनीतिक लाभ के लिए नहीं, बल्कि आम नागरिक के जीवन और उसके इलाज के अधिकार की लड़ाई है। आने वाले दिनों में प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में बैठकें आयोजित कर आंदोलन की रूपरेखा तय की जाएगी।‘मुहिम जिंदगी’ का संदेश स्पष्ट है कि स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही के कारण किसी की जिंदगी दांव पर नहीं लगनी चाहिए। हर व्यक्ति को बेहतर और समय पर इलाज मिलना उसका अधिकार है।